204 करोड़ की पेयजल योजनाओं को मंजूरी, किशनगंज-लखीसराय को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा
- Post By Admin on Jul 31 2026
पटना: राज्य सरकार ने केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के तहत किशनगंज और लखीसराय में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन योजनाओं पर कुल 204.68 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे, जिससे दोनों शहरों के हजारों परिवारों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, किशनगंज पेयजल परियोजना के लिए 53.71 करोड़ रुपये तथा लखीसराय पेयजल परियोजना के लिए 150.96 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाना है।
योजना के तहत किशनगंज में 3,892 नए गृह जल संयोजन दिए जाएंगे, जबकि लखीसराय में 7,168 नए घरेलू जल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे बड़ी संख्या में परिवारों को नियमित और सुरक्षित पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दोनों शहरों में वर्षों से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। साथ ही शहरी आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।