डॉ. ललित किशोर के योगदान को मिली पहचान, ‘पंडित राजकुमार शुक्ल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित
- Post By Admin on Aug 30 2026
मुजफ्फरपुर : आरडीएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर के इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं बिहार विश्वविद्यालय अतिथि प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ. ललित किशोर को इतिहास एवं पत्रकारिता लेखन तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘पंडित राजकुमार शुक्ल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें बिहार विधान परिषद सभागार, पटना में आयोजित समारोह में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने प्रदान किया।
समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन की उद्घाटनकर्ता के रूप में विशेष उपस्थिति रही। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पंडित राजकुमार शुक्ल स्मारक समिति के अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा सहित समिति के पदाधिकारियों की भी समारोह में गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले करीब एक सौ शिक्षाविदों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने पंडित राजकुमार शुक्ल के राष्ट्रनिर्माण और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. ललित किशोर ने इसे अपने शिक्षकीय जीवन, लेखन और सामाजिक सरोकारों के प्रति बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में इतिहास, पत्रकारिता लेखन और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। डॉ. ललित किशोर को सम्मान मिलने पर आरडीएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर सहित बिहार विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अतिथि प्राध्यापकों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।