मुजफ्फरपुर की श्रेया का शानदार निशाना, ईस्ट जोन चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण

  • Post By Admin on Aug 30 2026
मुजफ्फरपुर की श्रेया का शानदार निशाना, ईस्ट जोन चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर की युवा निशानेबाज श्रेया भारद्वाज ने 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर बिहार का गौरव बढ़ाया है। 25 से 30 अगस्त तक पश्चिम बंगाल के आसनसोल राइफल क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में श्रेया ने 10M यूथ वुमेन इंडिविजुअल एयर पिस्टल (NR) और 10M सब यूथ वुमेन इंडिविजुअल एयर पिस्टल (NR) स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।

स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट की प्रतिभागी श्रेया ने देशभर से आए प्रतिभाशाली निशानेबाजों के बीच सटीक निशानेबाजी, तकनीकी कौशल, एकाग्रता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि को वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासित अभ्यास और मानसिक तैयारी का परिणाम बताया गया है।

श्रेया की दोहरी स्वर्णिम सफलता से स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के साथ मुजफ्फरपुर और बिहार का भी गौरव बढ़ा है। उनकी उपलब्धि राज्य के उभरते निशानेबाजों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। अकादमी की ओर से कहा गया कि समर्पण, अनुशासित अभ्यास और बेहतर मार्गदर्शन के माध्यम से खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इस सफलता में अकादमी के मुख्य कोच एवं प्रशिक्षक अमित घंसेला की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उनके तकनीकी प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से श्रेया समेत अकादमी के खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है।

श्रेया की उपलब्धि पर अकादमी के सदस्य उज्ज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, रंजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार, अभिषेक झा और अनिरुद्ध सिंह ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने श्रेया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगी।