संस्कृत की स्पष्ट व्याकरण संरचना आधुनिक तकनीक के लिए अनुकूल : डॉ. वीरेंद्र झा

  • Post By Admin on Aug 30 2026
संस्कृत की स्पष्ट व्याकरण संरचना आधुनिक तकनीक के लिए अनुकूल : डॉ. वीरेंद्र झा

मुजफ्फरपुर : डॉ. रामजी मेहता आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, मालीघाट में साप्ताहिक संस्कृत दिवस समारोह के तृतीय दिवस का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंगलाचरण से हुई। महाविद्यालय के छात्र अंकित कुमार ने वैदिक एवं लौकिक मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके बाद विश्वविद्यालय का कुलगीत गाया गया।

इस अवसर पर अंकित कुमार ने संस्कृत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्लोक पाठ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र झा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नासा और कंप्यूटर वैज्ञानिकों के शोध के अनुसार संस्कृत की स्पष्ट व्याकरण संरचना इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और कोडिंग के लिए दुनिया की सबसे उपयुक्त भाषाओं में से एक बनाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में संस्कृत की संभावनाओं को देखते हुए इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के व्याकरण विभाग के प्राध्यापक डॉ. अम्बुज कुमार चौधरी ने किया। समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, प्राध्यापिकाएं, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।