जनगणना और योजनाओं को लेकर डीएम की सख्ती, समयबद्ध कार्य निपटाने का निर्देश

  • Post By Admin on Apr 28 2026
जनगणना और योजनाओं को लेकर डीएम की सख्ती, समयबद्ध कार्य निपटाने का निर्देश

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। इस दौरान डीएम ने सभी विभागों से क्रमवार कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए।

उन्होंने आगामी जनगणना के तहत स्वगणना कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी एक से दो दिनों के भीतर अपना स्वगणना कार्य पूरा कर लें। साथ ही, इससे जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को भी समय पर संपन्न करने पर जोर दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित सूचना आदान-प्रदान आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी सहयोग से कार्य करने का निर्देश दिया।

समय पालन पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचें और अपने कार्यों का निष्पादन पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से करें। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक का समापन बिहार गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।