कचरे के ढेर से मिली मासूम को मिला परिवार, अडॉप्शन की प्रक्रिया संपन्न
- Post By Admin on Apr 28 2026
लखीसराय : जिले के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में 9 माह की बालिका परी कुमारी को स्थायी परिवार मिल गया है। 27 अप्रैल 2026 को आयोजित प्रक्रिया के तहत जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने दत्तक माता-पिता को बालिका की विधिवत सुपुर्दगी की।
जानकारी के अनुसार, परी कुमारी को 22 दिसंबर 2025 को प्री-अडॉप्शन फोस्टर केयर के तहत ओडिशा के कालाहांडी जिले के एक दंपति को सौंपा गया था, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, नवी मुंबई में वरीय पद पर कार्यरत हैं। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अब बालिका का अंतिम दत्तक ग्रहण संपन्न कराया गया। यह पूरी प्रक्रिया जिला प्रशासन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहयोग से संपन्न हुई, जिसमें सहायक निदेशक श्रीमती बंदना पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौरतलब है कि परी कुमारी 31 जुलाई 2025 को लखीसराय के नया बाजार स्थित गोपाल भंडार गली में कचरे के ढेर के पास झाड़ियों में एक झोले में परित्यक्त अवस्था में मिली थी। इसके बाद उसे संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं और अब उसे एक सुरक्षित व स्थायी परिवार मिल गया है।
इस अवसर पर संस्थान की समन्वयक मीनाक्षी कुमारी, सोशल वर्कर मुकेश कुमार, नर्स स्वाति कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।