मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बंद कमरे में मिली मां-बच्चों की लाश

  • Post By Admin on Apr 28 2026
मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बंद कमरे में मिली मां-बच्चों की लाश

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत से सनसनी फैल गई है। मामला कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश गांव का है, जहां मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को एक ही कमरे से तीनों शव बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतकों की पहचान संतोष साह की पत्नी रीता देवी (30), उनकी दो साल की बेटी और करीब तीन-चार महीने के बेटे के रूप में हुई है। सभी शव कमरे के अंदर बेड पर पड़े मिले हैं। मौके से रस्सी भी बरामद की गई है, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी देते हुए संतोष साह ने बताया कि वह सोमवार को अपने भाई के साथ शादी समारोह में कैटरिंग का काम करने गए थे। मंगलवार सुबह घर लौटने पर जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो पत्नी और दोनों बच्चों के शव देखकर उनके होश उड़ गए।

परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए पड़ोसियों (चचेरे भाइयों) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था और लगातार धमकियां मिल रही थीं। वहीं, मृतका की गोतनी ने बताया कि सुबह जब वे उठीं तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। किसी तरह दरवाजा खोलने पर अंदर का मंजर देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

इधर, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया शवों पर गला दबाने के निशान मिले हैं। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनमें से कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।