लंबित कार्यों पर डीएम सख्त, सदर अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

  • Post By Admin on Mar 28 2026
लंबित कार्यों पर डीएम सख्त, सदर अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

लखीसराय : जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लंबित कार्यों और निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि राशि के अभाव के कारण कई कार्य लंबित पड़े हैं। इस पर डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों का तत्काल एस्टिमेट तैयार कर राशि आवंटन के लिए संचिका प्रस्तुत की जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

सदर अस्पताल की व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा प्रशासनिक विकेंद्रीकरण का सुझाव दिया गया। इस पर सहमति जताते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इसका विस्तृत मसौदा तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

बैठक में आगामी 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राकेश कुमार की सेवाओं की सराहना की गई और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। वहीं नए उपाधीक्षक के रूप में प्रभार लेने वाले डॉ. कुमार अमित का स्वागत करते हुए उन्हें अस्पताल में प्रशासनिक नियंत्रण को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

रोगी कल्याण समिति के सदस्यों द्वारा सदर अस्पताल में तैनात गार्ड और नर्सिंग स्टाफ के खराब व्यवहार की शिकायत पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मियों को एक बार प्रशिक्षण देकर सुधार का अवसर दिया जाए, लेकिन इसके बाद भी यदि व्यवहार में सुधार नहीं होता है तो संबंधित कर्मियों को तत्काल सेवा से हटा दिया जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रोगी कल्याण समिति के सदस्यों के लिए तैयार नए बैठक कक्ष में अगली बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत उन्हें उपलब्ध कराई जाए। मीडिया में प्रकाशित नकारात्मक खबरों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एक मीडिया सेल के गठन का निर्देश भी दिया। साथ ही पूर्व में प्रकाशित खबरों पर की गई कार्रवाई से संबंधित संचिका भी तलब की गई है।