सदर अस्पताल में एचआईवी-एड्स पर जागरूकता कार्यक्रम, बचाव और अधिकारों की दी गई जानकारी

  • Post By Admin on Mar 28 2026
सदर अस्पताल में एचआईवी-एड्स पर जागरूकता कार्यक्रम, बचाव और अधिकारों की दी गई जानकारी

लखीसराय : सदर अस्पताल लखीसराय में शनिवार को एचआईवी-एड्स एवं सामाजिक सुरक्षा विषय पर एक संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. श्री जयप्रकाश सिंह ने की। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों को दूर करने तथा संक्रमित मरीजों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने एचआईवी-एड्स के कारण, लक्षण, संक्रमण के तरीके और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी एक संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के उपयोग, संक्रमित रक्त चढ़ाने तथा संक्रमित माता से शिशु में फैल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य संपर्क जैसे साथ बैठना, हाथ मिलाना या भोजन साझा करने से एचआईवी का संक्रमण नहीं फैलता। इसलिए समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर करना जरूरी है, ताकि संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो।

बैठक के दौरान एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम 2017 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इस अधिनियम के तहत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को गोपनीयता का अधिकार, उपचार का अधिकार और किसी भी प्रकार के भेदभाव से सुरक्षा प्रदान की गई है।

कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी सुविधा तथा निःशुल्क जांच और परामर्श सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों ने जागरूकता अभियान को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संचारी रोग पदाधिकारी सह जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. श्री निवास शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, एड्स नियंत्रण पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।