डीएम ने किया हलसी और बड़हिया प्रखंड का निरीक्षण, बाढ़ राहत शिविर में जाना हाल
- Post By Admin on Sep 27 2024

लखीसराय: जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने शुक्रवार को हलसी और बड़हिया प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। हलसी प्रखंड के कनैसी और बिजुलकी गांव में शैक्षणिक व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) संचालन आदि की जानकारी ली। कनैसी गांव में विद्यालय जाने के रास्ते और एक ही कमरे की समस्या पर उन्होंने ग्रामीणों से अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इसके बाद डीएम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने बड़हिया पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने नगर के जगनानी धर्मशाला में संचालित राहत शिविर का दौरा किया, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने अपने क्षतिग्रस्त घरों की समस्या बताई, जिस पर डीएम ने भरोसा दिलाया कि पानी घटने के बाद उन्हें आवश्यक मदद मिलेगी।
डीएम ने राहत शिविर में उपलब्ध भोजन व्यवस्था की भी जांच की और स्वयं भोजन कर उसकी गुणवत्ता और स्वाद का आकलन किया। उन्होंने भोजन को बेहतर और स्वादिष्ट बताया। इसके अलावा, उन्होंने अब तक शिविर में वितरित की गई सुविधाओं जैसे राशन, कपड़े, नाश्ता, भोजन, दूध आदि की जानकारी भी ली।
इसके बाद डीएम मिश्र गंगा कॉलेज घाट पहुंचे, जहां से उन्होंने एसडीआरएफ टीम के साथ गंगा नदी के रास्ते बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने खुटहा पूर्वी, खुटहा पश्चिमी, और मालपुर जैसे इलाकों में कटाव का निरीक्षण किया। इस दौरे में एसडीओ चंदन कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत कुमार और अन्य जिला व प्रखंड अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे।