किसानों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर जारी, अनार की खेती और जैविक खाद पर विशेष जोर
- Post By Admin on Sep 27 2024

लखीसराय: जिला कृषि कार्यालय आत्मा के सभागार में कौशल विकास योजना के तहत 10 दिवसीय आरपीएल (रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग) प्रशिक्षण शिविर लगातार जारी है। यह शिविर एक्सटेंशन सर्विस प्रोवाइडर विषय पर केंद्रित है, जिसमें जिले के 30 किसानों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु के देखरेख में किया जा रहा है।
शिविर के तीसरे दिन, अनार की खेती और जैविक खाद की उपयोगिता पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर पिपरिया प्रखंड की सहायक तकनीकी प्रबंधक स्मिता कुमारी ने अनार की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी, जिसमें बाजार की संभावनाओं, मिट्टी और जलवायु की आवश्यकताओं पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। उन्होंने विभाग द्वारा अनार की खेती के लिए मिलने वाली सहायता पर भी चर्चा की।
इसके साथ ही, सदर प्रखंड के तकनीकी प्रबंधक सुभाष कुमार ने जैविक खाद की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जैविक खेती आज के समय में क्यों आवश्यक है और जैविक खाद के उपयोग से किसानों को क्या-क्या लाभ हो सकते हैं। उन्होंने जैविक खाद की उपलब्धता, निर्माण प्रक्रिया और इससे जुड़ी विभागीय सहायता के बारे में भी जानकारी दी।
आत्मा के लेखा प्रबंधक पंकज पांडे ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों और सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।