प्रमंडल आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

  • Post By Admin on Mar 28 2026
प्रमंडल आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

लखीसराय : मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण की प्रगति तथा पुलिस थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी संचालन और निगरानी को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न जिलों में विधि-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों और पुलिस थानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रखरखाव तथा उनसे जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।

आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने निर्देश दिया कि सभी पुलिस थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत रहें और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग से अपराध की रोकथाम और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि यदि कहीं तकनीकी समस्या हो तो उसे शीघ्र दूर किया जाए।

लखीसराय जिले से इस बैठक में जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।