रेलवे सुरक्षा बल की कार्यवाई, किऊल स्टेशन से 11.25 लीटर अवैध शराब जब्त
- Post By Admin on Mar 28 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए लावारिस झोले से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना लखीसराय को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को उप निरीक्षक रमेश कुमार, आरक्षी नवीन कुमार तथा आरक्षी मनीष कुमार स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 05 के फूट ओवर ब्रिज के नीचे एक काले रंग का झोला लावारिस हालत में पड़ा मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी झोले पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद यात्रियों की उपस्थिति में झोले की जांच की गई। जांच के दौरान झोले से कुल 15 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें 9 बोतल रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की तथा 6 बोतल रॉयल ग्रीन क्लासिक ब्लेंडेड व्हिस्की शामिल हैं। प्रत्येक बोतल की क्षमता 750 मिलीलीटर बताई गई है। इस प्रकार कुल बरामद शराब की मात्रा 11.250 लीटर है। सभी बोतलों पर हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए अंकित पाया गया।
पूरी कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई और मौके पर मौजूद स्टाफ को गवाह बनाते हुए सुबह 7:30 बजे जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद उप निरीक्षक रमेश कुमार द्वारा लिखित शिकायत के साथ बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना लखीसराय को सौंप दिया गया। जहां मामले में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन सतर्क के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है।