पंचायत सचिवों की हड़ताल पर जिला प्रशासन सख्त, 15 कर्मी निलंबित

  • Post By Admin on May 20 2026
पंचायत सचिवों की हड़ताल पर जिला प्रशासन सख्त, 15 कर्मी निलंबित

लखीसराय : जिले में अपने कर्तव्य स्थल से लगातार अनुपस्थित रहने एवं हड़ताल में शामिल 15 पंचायत सचिवों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी लखीसराय द्वारा जारी आदेश के तहत सभी संबंधित पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय भी निर्धारित कर दिया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार पंचायत सचिवों की अनुपस्थिति से ग्राम पंचायतों में कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे थे। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ पंचायत स्तर के दैनिक प्रशासनिक कार्य बाधित हो रहे थे। आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा था, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन ने बताया कि इससे पहले संबंधित पंचायत सचिवों को कार्यालय आदेश के माध्यम से 48 घंटे के भीतर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया और लगातार अनुपस्थित बने रहे। जिला पदाधिकारी ने इसे सरकारी कार्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली-1976 एवं बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली-2005 के तहत कार्रवाई की है। आदेश में कहा गया है कि संबंधित कर्मियों के आचरण से शासन की योजनाओं एवं जनसेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

निलंबित पंचायत सचिवों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वहीं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को आदेश के अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक प्रतिवेदन जिला पंचायत राज शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।