लखीसराय में ऋण वसूली अभियान तेज, बकायेदारों को प्रशासन की सख्त चेतावनी

  • Post By Admin on May 20 2026
लखीसराय में ऋण वसूली अभियान तेज, बकायेदारों को प्रशासन की सख्त चेतावनी

लखीसराय : जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, लखीसराय द्वारा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना एनएमडीएफसी टर्म लोन योजना एवं मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के अंतर्गत वितरित ऋण राशि की वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से विशेष ऋण वसूली कैंप आयोजित करने की घोषणा की गई है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह वसूली कैंप 8 जून 2026 (सोमवार) से 13 जून 2026 (शनिवार) तक जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, लखीसराय में आयोजित किया जाएगा। कैंप के माध्यम से ऋणधारकों को समय पर बकाया ऋण राशि जमा करने का अवसर दिया जाएगा। कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि समय पर ऋण राशि जमा नहीं करने वाले लाभुकों से बकाया राशि पर ब्याज एवं दंड ब्याज वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त संबंधित बकायेदारों के विरुद्ध दीवानी एवं फौजदारी मुकदमा भी दायर किया जा सकता है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वसूली कैंप के दौरान बकाया ऋण का भुगतान नहीं करने पर ऋणी द्वारा दिए गए किसी भी स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा संबंधित बकायेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, लखीसराय ने सभी ऋणधारकों से निर्धारित अवधि के भीतर कैंप में पहुंचकर बकाया राशि जमा करने की अपील की है।