लखीसराय : उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार ने मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष कार्यालय और डाक बंगला स्थित निरीक्षण भवन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां व्याप्त जलभराव और अन्य समस्याओं का निरीक्षण किया और समाधान के लिए निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने परिसर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए सोखता बनाने, चहारदीवारी ऊंचा करने, साफ-सफाई, रंग-रोगन, और मरम्मत के साथ नाला निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय कर्मियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने परिसर में अवैध रूप से रह रहे लोगों को खाली करने के लिए नोटिस जारी करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमणकारियों को जल्द से जल्द स्थान खाली करना होगा।
उन्होंने विभागीय कर्मियों को इन सभी सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और परिसर की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।




















