पैक्स सदस्य शिकायत निष्पादन शिविर में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
- Post By Admin on Sep 28 2024

लखीसराय : जिला समाहरणालय परिसर के अनुमंडल कार्यालय के सभागार में इन दिनों पैक्स सदस्य बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद आई पक्षपात की शिकायतों पर सुनवाई की जा रही है। 30 सितंबर को कट ऑफ डेट के नजदीक आने के कारण शिकायतकर्ताओं की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। शनिवार को इस भीड़ का असर स्पष्ट रूप से देखा गया।
भीड़ नियंत्रण के लिए महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शिकायतकर्ता, चाहे वे महिलाएं हों या पुरुष, घंटों कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए। शुक्रवार को सदर प्रखंड के गढ़ी बिशनपुर, रामगढ़ चैक प्रखंड के नंदनामा, हलसी प्रखंड के भनपूरा और बल्लोपुर के शिकायतकर्ताओं को बुलाया गया था। वहीं शनिवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के श्रीकिशुन सहित जिले के दूरदराज के पैक्स क्षेत्रों से किसान पहुंचे।
यह दृश्य पैक्स प्रबंधन की मनमानी का स्पष्ट संकेत देता है। जिन समस्याओं का निपटारा पैक्स प्रबंधन के द्वारा किया जाना चाहिए, उनके लिए लोगों को जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसके अलावा, दो-दो गवाहों को साथ लाने की अनिवार्यता ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। कई शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि उन्हें पहले बुलाया गया था, लेकिन लौटाने के बाद उनके गवाह भी पीछे हट गए, क्योंकि पैक्स अध्यक्ष उनकी पहचान जानने के बाद उनके पीछे सक्रिय हो गए थे।
जिला सहकारिता पदाधिकारी कुमारी सुमन ने इस संबंध में शिकायतों के त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया है। इस तरह की घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि पैक्स के अंदरूनी मामलों में सुधार की आवश्यकता है ताकि लोगों को इस प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।