लखीसराय में शराबबंदी अभियान तेज, छापेमारी में कई धराए

  • Post By Admin on Mar 13 2026
लखीसराय में शराबबंदी अभियान तेज, छापेमारी में कई धराए

लखीसराय : मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराबबंदी कानून के तहत व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कई स्थानों से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई, जबकि कई लोगों को शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में चिन्हित किया गया।

पुलिस के अनुसार, किउल स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बेगूसराय जिले के चंदपुरा थाना क्षेत्र निवासी मुन्नी देवी (48) को 17.000 लीटर बीयर के साथ पकड़ा गया। इसी क्रम में किउल पानी टंकी के समीप की गई कार्रवाई में नया बाजार दलपत्थी निवासी सोनी देवी के पास से 4.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं मुसाफापुर वार्ड संख्या–01 निवासी ललिता देवी के पास से 3.750 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसी स्थान से अजीत कुमार (35) के पास से भी 3.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने पुरानी बाजार नया टोला क्षेत्र में छापेमारी कर योगेन्द्र प्रसाद के पास से 2.220 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों से शराब पीने के आरोप में कई लोगों को पकड़ा गया। इनमें संसार पोखर के समीप से चंदन मंडल उर्फ कुमार, छोटी दरगाह के पास से संजीव कुमार, बड़हिया थाना क्षेत्र से मुकेश महतो, रामगढ़ थाना क्षेत्र से रजुन किस्कू तथा शनि लाल मुर्मू और संग्रामपुर क्षेत्र से दिवाली मांझी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन के लिए जिले में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार और सेवन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।