गौ रक्षा आंदोलन को नई धार, देवघर बैठक में संगठन विस्तार और जिम्मेदारियां तय
- Post By Admin on Apr 12 2026
लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं भारतीय गौवंश संरक्षण संवर्धन परिषद के संयुक्त तत्वावधान में गौ संरक्षण और संवर्धन को लेकर एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मौनी बाबा आश्रम, चांदपुर डाबरग्राम (देवघर) में संपन्न हुई, जिसमें झारखंड एवं दक्षिण बिहार प्रांत के संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं गौ रक्षा विभाग के अखिल भारतीय सह प्रमुख केशव राजू ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय एवं केंद्रीय पदाधिकारियों ने गौ रक्षा के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की और आगामी योजनाओं का खाका तैयार किया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता शशांक शेखर (पटना क्षेत्र प्रमुख), त्रिलोकी नाथ बागी (केंद्रीय सदस्य), एवं डॉ. वीरेंद्र साहू (पटना क्षेत्र मंत्री) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गौ संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों जैसे किसान प्रशिक्षण, पंचगव्य चिकित्सा प्रशिक्षण, घरेलू उत्पाद प्रशिक्षण, गौ भक्त महिलाओं के प्रशिक्षण तथा अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान लखीसराय जिला के नए पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। नवीन सोनी को जिला गौ रक्षा प्रमुख, दीपक कुमार को सह गौ रक्षा प्रमुख, बादल कुमार को गौशाला संपर्क प्रमुख, मुकेश कुमार को गौ विज्ञान प्रमुख तथा लक्ष्मण कुमार को प्रशिक्षण प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने देशभर में गौ वध पर रोक लगाने तथा गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।