मुख्य सचिव ने की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

  • Post By Admin on Mar 30 2026
मुख्य सचिव ने की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

लखीसराय : मुख्य सचिव, बिहार पटना की अध्यक्षता में संकट प्रबंधन समूह की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य राज्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करना था।

बैठक के दौरान जिलों से प्राप्त अद्यतन प्रतिवेदन के आधार पर आपदा प्रबंधन तंत्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आपदा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क और तत्पर रहने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

बैठक में लखीसराय जिले से जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।