टीबी नियंत्रण के लिए प्रशासन सक्रिय, उच्च जोखिम वाले गांवों में घर-घर सर्वे की तैयारी

  • Post By Admin on Mar 30 2026
टीबी नियंत्रण के लिए प्रशासन सक्रिय, उच्च जोखिम वाले गांवों में घर-घर सर्वे की तैयारी

लखीसराय : टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत सोमवार को भारत सरकार के एडिशनल सेक्रेटरी एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक द्वारा जिला पदाधिकारी लखीसराय के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में टीबी उन्मूलन से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान बताया गया कि अभियान के तहत विशेष रूप से 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के ओपीडी में आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग पर जोर दिया जा रहा है। निर्देश दिया गया है कि ऐसे सभी मरीजों का एक्स-रे कराया जाए, ताकि संभावित टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके और संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।

जिला पदाधिकारी को जानकारी दी गई कि लखीसराय जिले में कुल 114 गांवों को उच्च जोखिम वाले गांव के रूप में चिन्हित किया गया है। इन गांवों में विशेष अभियान चलाकर घर-घर सर्वेक्षण, जांच और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि ओपीडी में आने वाले कुल मरीजों में से कम से कम 10 प्रतिशत की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक संसाधन और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है, जिसकी सफलता के लिए जनसहभागिता और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

जिला प्रशासन लखीसराय ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।