मुख्यमंत्री ने किया 6659 खेल मैदानों का शिलान्यास
- Post By Admin on Dec 20 2024

लखीसराय : बीते गुरुवार, 19 दिसम्बर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से कुल 6659 खेल मैदानों का शिलान्यास किया गया जिसमें लखीसराय जिले के 59 ग्राम पंचायतों के विभिन्न ग्रामों में 76 खेल मैदान शामिल हैं। इन खेल मैदानों की कुल लागत 727.51 लाख रुपये है। इसमें 3 बड़े मैदान हैं जिनका क्षेत्रफल 4 एकड़ तक है। यह मैदान चानन के कुंदर, हलसी के साढमाफ और रामगढ़चौक प्रखंड के नोनगढ़ पंचायत में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त, 46 मध्यम मैदान हैं जिनका क्षेत्रफल 1 एकड़ से 1.5 एकड़ तक है। 27 छोटे खेल मैदान हैं जिनका क्षेत्रफल 1 एकड़ तक है।
इस मौके पर जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विकास मित्रों तथा जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने केंद्रीयकृत रूप से खेल मैदानों का शुभारंभ किया और लाइव स्ट्रीमिंग में भाग लिया।
वहीं, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने लखीसराय प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के बिहरौरा गाँव में स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल में खेल मैदान निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस खेल मैदान की प्राक्कलित राशि 9,37,958 रुपये है। इसमें रनिंग ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान दामोदरपुर पंचायत के मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला वित्त प्रबंधक, मनरेगा लखीसराय, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पंचायत रोजगार सेवक, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
उप विकास आयुक्त ने इस अवसर पर छात्रों से "खेलेगा लखीसराय तो बिहार खेलेगा, बिहार खेलेगा तो देश खेलेगा" जैसे मूल मंत्र भी साझा किए। साथ ही, उन्होंने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों, कनीय अभियंताओं और पंचायत रोजगार सेवकों को खेल मैदान निर्माण में गुणवत्ता की उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए।