लखीसराय में पुलिस पर भीड़ भारी, गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाया, वीडियो वायरल

  • Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय में पुलिस पर भीड़ भारी, गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाया, वीडियो वायरल

लखीसराय : जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस के कब्जे से एक गिरफ्तार आरोपी को छुड़ा लिया। घटना पथुआ गांव की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पिपरिया थाना प्रभारी सौरभ कुमार गुप्त सूचना के आधार पर फरार चल रहे आरोपी इंदल भगत को गिरफ्तार करने पथुआ गांव पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, लेकिन इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपी को पुलिस के हाथों से छुड़ा लिया।

घटना के दौरान थाना प्रभारी के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ के बीच थानाध्यक्ष के हाथ में पिस्टल होने के बावजूद हालात पर काबू नहीं पाया जा सका और आरोपी को छुड़ा लिया गया।

थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने बताया कि इंदल भगत पर मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन भीड़ ने हस्तक्षेप कर उसे छुड़ा लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।