जल, स्वच्छता और विकास योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- Post By Admin on Mar 11 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा जिला गंगा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान “सात निश्चय-2” एवं “सात निश्चय-3” के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा स्पोर्ट्स क्लब निर्माण, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, पंचायत सरकार भवन, दाखिल-खारिज, धान अधिप्राप्ति, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना तथा लोहिया स्वच्छता अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वच्छता योजनाओं के अंतर्गत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई, बेस्ट कलेक्शन, भूमि उपलब्धता, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, पैडल रिक्शा एवं ई-रिक्शा की क्रियाशीलता, घर-घर कचरा संग्रहण तथा सूखा और गीला कचरा पृथक्करण की व्यवस्था की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्वच्छता सुविधा शुल्क संग्रहण को सुदृढ़ बनाने, जल प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा ओडीएफ प्लस मॉडल को सफलतापूर्वक लागू करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला गंगा समिति के अंतर्गत गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में मोक्ष धाम निर्माण के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान, 16 से 31 मार्च तक आयोजित होने वाले गंगा स्वच्छता पखवाड़ा की तैयारियों, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्यों की प्रगति तथा जल महोत्सव पखवाड़ा से संबंधित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागों को गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त बैठक में नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए प्रत्येक गुरुवार को विशेष कोर्ट आयोजित कर अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।