मंदिर में पूजा के दौरान मुख्य पुजारी अचेत, ब्रेन हेमरेज की पुष्टि के बाद पटना रेफर
- Post By Admin on Mar 24 2026
लखीसराय : जिले के बड़हिया नगर स्थित प्रसिद्ध मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में सोमवार को पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी विनय कुमार झा अचानक अचेत होकर गिर पड़े। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए बड़हिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया।
रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर जाने की सलाह दी। इसके बाद जिले के एक निजी अस्पताल में जांच कराई गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ब्रेन हेमरेज होने की पुष्टि की। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
वर्तमान में उनका इलाज पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें भर्ती रखा गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मुख्य पुजारी उस समय पूजा-अर्चना करा रहे थे, जब नीरज कुमार सिंह मंदिर में पूजा कर रहे थे। इसी दौरान पुजारी अचानक अचेत होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि उनके इलाज में एमएलसी भी पूरी तत्परता के साथ सहयोग कर रहे हैं।
घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में शोक और चिंता का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए देवी-देवताओं से प्रार्थना कर रहे हैं। मंदिर से जुड़े लोगों ने बताया कि विनय कुमार झा लंबे समय से श्रद्धा और निष्ठा के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं, जिसके कारण श्रद्धालुओं के बीच उनका विशेष सम्मान और जुड़ाव रहा है।
मुख्य पुजारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से श्रद्धालुओं में गहरी चिंता देखी जा रही है। लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे जल्द स्वस्थ होकर फिर से मंदिर सेवा में लौटें। बताया जाता है कि मुख्य पुजारी के पुत्र एक प्रतिष्ठित अखबार में संवाददाता हैं।