विश्वविद्यालय कर्मचारियों की वेतन विसंगति पर राज्यपाल सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक
- Post By Admin on Aug 27 2026
पटना: विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारियों की वर्षों से लंबित वेतन विसंगतियों के समाधान को लेकर राज्यपाल सचिवालय में बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल की उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक राज्यपाल के प्रधान सचिव दीपक कुमार के बुलावे पर गुरुवार को अपराह्न 4:30 बजे आयोजित की गई।
महासंघ के प्रदेश महासचिव राघवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में हिस्सा लिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष शंकर यादव, प्रक्षेत्रीय महामंत्री राजीव रंजन, संगठन मंत्री डॉ. रविन्द्र मिश्रा, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राम कुमार, जय प्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के अध्यक्ष राय रणविजय देव, पटना विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सुबोध कुमार, महासंघ के कोषाध्यक्ष नकवी एवं प्रक्षेत्रीय उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। बैठक में राज्यपाल सचिवालय के अपर सचिव एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों से जुड़े विभिन्न मामलों और लंबित दस्तावेजों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वेतन विसंगतियों के समाधान के लिए राज्यपाल सचिवालय, शिक्षा विभाग एवं वेतन सत्यापन कोषांग के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति संबंधित दस्तावेजों की समीक्षा कर वेतन विसंगतियों को दूर करने की दिशा में कार्रवाई करेगी।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जब तक वेतन विसंगतियों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक कर्मचारियों को पूर्व की भांति वेतन भुगतान जारी रहेगा। इस निर्णय से वर्षों से वेतन विसंगति को लेकर परेशान कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। महासंघ के पदाधिकारी राजीव कुमार, अभिषेक कुमार, मृगांक रंजन एवं आनंद कुमार ने सकारात्मक पहल के लिए राज्यपाल सचिवालय के प्रति आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि संयुक्त समिति की समीक्षा के बाद लंबित वेतन विसंगतियों का जल्द समाधान हो सकेगा।