रामनगर कस्तूरबा विद्यालय में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, छात्राओं को किया जागरूक
- Post By Admin on Apr 01 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वाधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन के सहयोग से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामनगर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार तथा वार्डन सह शिक्षिका रिमझिम कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का मुख्य उद्देश्य समाज में लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करना तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को सुनिश्चित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकथाम के लिए आज ही के दिन कानून लागू किया गया था, जिसे शारदा अधिनियम के नाम से जाना जाता है। प्रारंभिक समय में लड़कियों की विवाह की आयु 14 वर्ष और लड़कों की 18 वर्ष निर्धारित थी, जिसे बाद में संशोधित कर वर्तमान में लड़कियों के लिए 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष कर दिया गया है।
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। जब तक समाज में जागरूकता नहीं बढ़ेगी, तब तक बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में वार्डन सह शिक्षिका रिमझिम कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान छात्राओं के बीच मिल्टन कंपनी की पानी की बोतलों का वितरण भी किया गया तथा बाल विवाह रोकथाम को लेकर सभी छात्राओं को सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय की दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं।