राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार हेतु जागरूकता वाहन रवाना, 14 मार्च को होगा आयोजन
- Post By Admin on Feb 23 2026
लखीसराय : आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सोमवार को जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा द्वारा न्यायालय परिसर से रवाना किया गया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश लखीसराय पवन कुमार झा, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजनी कुमारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लंबित वादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निपटारा संभव है, जिससे आम जनता को सुलभ एवं सस्ती न्याय व्यवस्था का लाभ मिलता है।
प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व, प्रक्रियाओं और लाभों की जानकारी देगा। न्यायिक अधिकारियों ने अधिक से अधिक वादकारियों से 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेने की अपील की।