बाल विवाह, बाल श्रम, नशा और दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता रैली का आयोजन

  • Post By Admin on Sep 27 2024
बाल विवाह, बाल श्रम, नशा और दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता रैली का आयोजन

लखीसराय : शुक्रवार को सदर प्रखंड के बिलौरी पंचायत अंतर्गत ओफापुर गांव के सामुदायिक भवन में किशोर-किशोरियों द्वारा "किशोर किशोरी नेतृत्व अभियान" के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, नशा, दहेज प्रथा, विद्यालय और स्वास्थ्य देखभाल जैसे मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। 

इसके बाद, किशोर-किशोरियों और समुदाय के सदस्यों द्वारा बाल विवाह, बाल श्रम, नशा, और दहेज प्रथा के खिलाफ एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान किशोरियों ने जोरदार नारे लगाए, जैसे "बाल श्रम करवाओगे तो जेल की हवा खाओगे", "बाल विवाह ऐसी नादानी, जीवन भर आंखों में पानी", "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ", और "खुशबू हो हर फूल में, सब बच्चे स्कूल में"। 

रैली के उपरांत किशोर-किशोरियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया, जिसमें कबड्डी, शेर-खरगोश, टारगेट बॉल और स्किपिंग रोप शामिल थे। 

इसी क्रम में रामगढ़ चौक प्रखंड के औरे पंचायत के चंपा नगर महादलित टोला में "उड़ान परियोजना" के अंतर्गत किशोर-किशोरी नेतृत्व अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड सदस्य सिया देवी ने की, और सामाजिक कार्यकर्ता रामवली पासवान ने युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से किशोर-किशोरियों की क्षमता का विकास होता है, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त बनते हैं। 

चंपा नगर की रैली में भी बाल विवाह, बाल श्रम, नशा, और दहेज प्रथा के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए। इस रैली में मुस्कान किशोरी ग्रुप की अध्यक्ष विनीता कुमारी और अन्य सदस्य, जैसे शिमरण कुमारी, संजना कुमारी, शिवानी, सोनाली, और गोलू कुमार ने हिस्सा लिया। 

इस जागरूकता अभियान के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता और रैली के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों ने इसे और सफल बनाया। इस मौके पर जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, प्रखंड समन्वयक राजअंकुश शर्मा, लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, विकास मित्र अवधेश मांझी और ग्रामीण समुदाय का सहयोग सराहनीय रहा।