पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कुपोषण मुक्त समाज का लिया संकल्प

  • Post By Admin on Apr 18 2026
पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कुपोषण मुक्त समाज का लिया संकल्प

लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के तत्वावधान में सदर क्षेत्र में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की अध्यक्षता में “पोषण पखवाड़ा” (9 से 23 अप्रैल 2026) के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा कुपोषण उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को सशक्त करना था।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण के महत्व को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक रंगोली निर्माण से हुई, जिसमें अनाज, दालें, हरी सब्जियां एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से संतुलित आहार का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करते हुए महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में भागीदारी की। इसके उपरांत जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें “मां एवं बच्चे का पोषण” विषय पर आधारित बैनर एवं पोस्टर के जरिए आमजन को जागरूक किया गया। रैली के दौरान स्तनपान, स्वच्छता, समय पर टीकाकरण एवं संतुलित आहार से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों का प्रसार किया गया।

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लाभार्थियों को जागरूक करें और सरकार की पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराएं।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें उपयोगी जानकारी मिलती है, जिसे वे अपने परिवार और समाज में अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ ली। यह आयोजन जागरूकता, सहभागिता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।