बाल श्रम उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान की शुरुआत, प्रचार वाहनों को हरी झंडी

  • Post By Admin on Apr 30 2026
बाल श्रम उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान की शुरुआत, प्रचार वाहनों को हरी झंडी

लखीसराय : बाल श्रम उन्मूलन के उद्देश्य से लखीसराय जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत श्रम अधीक्षक द्वारा चार प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

ये प्रचार वाहन जिले के सातों प्रखंडों में भ्रमण कर आम लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और इसके उन्मूलन के प्रति जागरूक करेंगे। अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि बाल श्रम बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बनाता है और समाज के समग्र विकास में बाधा उत्पन्न करता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जा रहा है कि बाल श्रम कानूनन अपराध है और इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई का प्रावधान है।

श्रम अधीक्षक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन, अभिभावकों और नियोक्ताओं को जागरूक करना है, ताकि कोई भी बच्चा श्रम में संलिप्त न हो और उसे शिक्षा का पूरा अवसर मिल सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं बाल श्रम की सूचना मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी लखीसराय सदर रंजीत कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राम जीवन सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बाल श्रम को जड़ से समाप्त किया जा सके।