लखीसराय में शराब पीने और बेचने वालों पर शिकंजा, 7 गिरफ्तार
- Post By Admin on Apr 30 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 12 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई और कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध थाना, लखीसराय द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, किऊल थाना क्षेत्र के खगौर इलाके में छापेमारी के दौरान सिराज नामक व्यक्ति के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई, जो बिक्री के लिए रखी गई थी।
इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों—बड़हिया, कजरा और लखीसराय में अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए 6 अन्य लोगों को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में सुजल कुमार, रोहन कुमार, विपिन कुमार, आकाश कुमार, विजय कुमार और कृष्ण कुमार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।