पुलिस का सख्त एक्शन, छापेमारी में अवैध शराब बरामद
- Post By Admin on Apr 28 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 27 अप्रैल 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया, वहीं भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की गई।
मद्य निषेध थाना, लखीसराय द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, पचाना क्षेत्र में नेहरू यादव को 2.100 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं किऊल थाना क्षेत्र में रोहन मांझी के पास से 4 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा अन्य मामलों में शराब सेवन के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें रतनपुर (जमुई) निवासी नंदुल मांझी, पिपरिया क्षेत्र के सुधीर मोदी, सूर्यगढ़ा के विकास मोदी तथा बन्नूबगीचा क्षेत्र के अशोक कुमार साव शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या सेवन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।