पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बोधवन तालाब परिसर में वृक्षारोपण अभियान आयोजित
- Post By Admin on Feb 21 2026
जमुई : अन्तर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर 21 फरवरी 2026 को जय शंकर नगर, बोधवन तालाब परिसर में पर्यावरण भारती द्वारा फलदार वृक्षों का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के तहत आम और नारियल के पौधे लगाए गए। पौधारोपण अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी इंजीनियर नवीन साह ने किया।
इस मौके पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से संस्था वर्ष 2008 से लगातार जन्मदिन, पुण्यतिथि, मांगलिक कार्यक्रमों और विशेष दिवसों पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए घरों के आसपास कम से कम दस पेड़ अवश्य लगाएं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शुद्ध ऑक्सीजन, शुद्ध जल और शुद्ध भोजन को मानव जीवन के लिए अनिवार्य बताते हुए बढ़ते वायु प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जल संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पॉलीथीन के अत्यधिक उपयोग से धरती प्रदूषित हो रही है, जिससे बचाव का प्रभावी उपाय वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण ही है। जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा गया कि वर्षाजल संग्रह और जल के सदुपयोग के बिना भविष्य में संकट और गहरा सकता है। वक्ताओं ने लोगों से वर्षाजल संचयन अभियान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई। मातृभाषा दिवस के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 21 फरवरी 1952 को ढाका विश्वविद्यालय में मातृभाषा की रक्षा के लिए हुए छात्र आंदोलन की स्मृति में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इस दिवस को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बहुभाषावाद और सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देना है।
पौधारोपण कार्यक्रम में इंजीनियर नवीन साह, अंकित पंडित, राम बिलास शाण्डिल्य, हरि ओम गुप्ता, सत्यम कुमार, गौरव कुमार, कुन्दन कुमार और मनीष कुमार बर्णवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।