जनजातीय बहुल गांवों में प्रशासन की पहल, शिविरों में मिलेगी स्वास्थ्य और सरकारी सेवाएं
- Post By Admin on May 20 2026
लखीसराय : जनजातीय गरिमा उत्सव के अंतर्गत जन भागीदारी अभियान “सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड के बुधौली बंकर पंचायत स्थित राजघाटकोल गांव में ट्रांजिट वॉक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय के बीच जागरूकता फैलाने एवं सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर मुंगेर श्री कौशल किशोर पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री राजीव रंजन कुमार, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी श्री सुधीर कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी श्री गौतम कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्रीमती रीना कुमारी तथा विकास मित्र सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए संचालित योजनाओं के लाभ से लोगों को अवगत कराया गया। बताया गया कि जनजातीय गरिमा उत्सव 18 मई से 25 मई तक मनाया जा रहा है। इसके तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड के छह जनजातीय बहुल गांवों में 21 से 23 मई तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन किया जाएगा तथा लाभुकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाएगा।
इसके साथ ही मेडिकल कैंप के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।