सहयोग शिविर में मिले आवेदनों की समीक्षा, लंबित मामलों पर कार्रवाई की चेतावनी

  • Post By Admin on May 20 2026
सहयोग शिविर में मिले आवेदनों की समीक्षा, लंबित मामलों पर कार्रवाई की चेतावनी

लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर के सफल आयोजन एवं शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित समाधान के लिए संचालित सहयोग शिविर की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा आम जनता को सुलभ एवं पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार लोक सेवा का अधिकार अधिनियम 2011 तथा बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम 2015 के तहत विभिन्न सेवाओं एवं शिकायतों के निष्पादन की व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। निर्देश के आलोक में जिले के सभी सात प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों — बालगुदर, लाखोचक, कैंडी, पाली, मोहनपुर, नंदनामा, अरमा सहित अन्य पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम नागरिकों की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए।

बैठक में जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार एवं अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार ने लखीसराय प्रखंड के बालगुदर पंचायत सरकार भवन पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी खराब चापाकलों को अविलंब ठीक कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को जल-नल योजना एवं चापाकलों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए संवेदकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया। वहीं फार्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने को कहा गया।जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि पोर्टल पर कोई भी आवेदन 10 दिनों से अधिक लंबित रहने पर संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।