सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त : हाईवे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, काटे चालान

  • Post By Admin on Mar 15 2026
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त : हाईवे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, काटे चालान

लखीसराय : जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक, मोटरयान निरीक्षक प्रतीक कुमार, बिपिन कुमार, ईएसआई स्नेहा कुमारी, एसआई अमित कुमार तथा अन्य अधिकारियों की टीम ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

अभियान के तहत जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पर निस्ता, गढ़ही तथा कजरा क्षेत्रों में सघन जांच की गई। इस दौरान सड़कों के किनारे खड़े वाहनों के साथ-साथ ईंट, गिट्टी, बालू और अन्य अतिक्रमण सामग्री को हटाया गया। साथ ही खराब और जर्जर स्थिति में खड़े वाहनों के स्वामियों को उन्हें शीघ्र हटाने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जाम की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए मोटरसाइकिल चालकों पर भी कार्रवाई की गई। कुल 11 मोटरसाइकिल चालकों का चालान काटा गया और उनसे कुल 34,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया।