ट्रंप ने ठुकराई ईरान से डील, मोजतबा खामेनेई की मौजूदगी पर भी जताया संदेह
- Post By Admin on Mar 15 2026
वॉशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव को समाप्त करने के लिए प्रस्तावित समझौते को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रस्ताव की शर्तें संतोषजनक नहीं हैं, इसलिए फिलहाल किसी भी डील पर सहमति संभव नहीं है।
शनिवार को एनबीसी न्यूज को दिए एक टेलीफोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान बातचीत में रुचि दिखा रहा है, लेकिन जब तक युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं, वाशिंगटन किसी भी युद्धविराम समझौते में जल्दबाजी नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “ईरान डील करना चाहता है, लेकिन मौजूदा शर्तें अच्छी नहीं हैं, इसलिए मैं इसे स्वीकार नहीं करना चाहता।”
जब संभावित समझौते की शर्तों के बारे में पूछा गया तो ट्रंप ने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को छोड़ना किसी भी समझौते की पहली और अनिवार्य शर्त होगी।
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने यह भी पुष्टि की कि अमेरिकी बलों ने ईरान के रणनीतिक तेल निर्यात केंद्र खार्ग आइलैंड पर हमला किया था। उन्होंने दावा किया कि इस हमले में उस ठिकाने को पूरी तरह तबाह कर दिया गया। ट्रंप ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वहां दोबारा भी कार्रवाई की जा सकती है, हालांकि उन्होंने ऊर्जा आपूर्ति लाइनों को निशाना नहीं बनाने की बात कही, क्योंकि उन्हें फिर से तैयार करने में वर्षों लग सकते हैं।
इस दौरान ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर सैय्यद मोजतबा हुसैनी खामेनेई के जीवित होने को लेकर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं पता कि वह जिंदा भी हैं या नहीं। अभी तक कोई उन्हें सामने नहीं ला पाया है। अगर वह जिंदा हैं तो उन्हें अपने देश के हित में समझदारी भरा फैसला लेना चाहिए और आत्मसमर्पण करना चाहिए।”
भविष्य में ईरान के नेतृत्व को लेकर किसी खास व्यक्ति का नाम लेने से ट्रंप ने इनकार किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि ऐसे कई लोग हैं जो देश के लिए बेहतर नेतृत्व दे सकते हैं।
इसके अलावा, वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के बीच ट्रंप ने रूस के तेल क्षेत्रों पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से कम करने के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुनिया को पर्याप्त तेल उपलब्ध कराना जरूरी है और संकट खत्म होने के बाद प्रतिबंध फिर से लागू किए जा सकते हैं।
यूक्रेन युद्ध को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को इस संघर्ष में वोलोडिमिर जेलेंस्की से किसी मदद की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा, “जिस आखिरी व्यक्ति से हमें मदद चाहिए, वह जेलेंस्की हैं।”