एलपीजी संकट की आशंका पर प्रशासन अलर्ट, जमाखोरी-कालाबाजारी पर कड़ी नजर
- Post By Admin on Apr 28 2026
लखीसराय : मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। संभावित भीड़ और अफरातफरी को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था लागू की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष की देखरेख में छापामारी दल गठित किए हैं, जो जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करेंगे। सभी आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे लगातार गैस एजेंसियों एवं विक्रेताओं पर नजर रखें और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल जिला पदाधिकारी को दें।
एलपीजी वितरकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समाहरणालय परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06346-232952 जारी किया गया है। जिले में वर्तमान में 16 एलपीजी गैस एजेंसियां संचालित हैं और कुल 3580 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर परिषद क्षेत्रों में इंडियन ऑयल द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति जारी है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें जल्द आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। प्रवासी मजदूरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार के निर्देशानुसार जरूरतमंदों को 5 किलोग्राम फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराकर गैस की अनावश्यक खरीदारी न करें, क्योंकि वर्तमान में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को यह भी बताया गया है कि बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है।