लखीसराय में नियुक्ति परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

  • Post By Admin on Mar 10 2026
लखीसराय में नियुक्ति परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

लखीसराय : व्यवहार न्यायालय के अंतर्गत परिचारी एवं आदेशपाल पदों पर नियुक्ति के लिए 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी केंद्राधीक्षक और संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत आपूर्ति और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा कक्षों में उचित बैठने की व्यवस्था की जाए, ताकि परीक्षार्थियों के बीच पर्याप्त दूरी बनी रहे और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा में प्रतिनियुक्त सभी शिक्षक और कर्मी अपने-अपने पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करेंगे। इसके अलावा केंद्राधीक्षक द्वारा सभी प्रतिनियुक्त शिक्षकों से शपथ पत्र लिया जाएगा, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके किसी भी रिश्तेदार या परिजन की परीक्षा उसी केंद्र पर नहीं हो रही है, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

जिला पदाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। साथ ही सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, समयपालन सुनिश्चित करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, संबंधित केंद्राधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।