वॉशिंगटन : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि करीब 50 वर्षों के बाद अमेरिका में पहली बार एक नई तेल रिफाइनरी खोली जाएगी। यह रिफाइनरी टेक्सास के ब्राउनस्विले में स्थापित की जाएगी और इसे अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह ऐतिहासिक सौदा लगभग 300 अरब डॉलर का है, जो अमेरिकी ऊर्जा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से अमेरिकी बाजारों को मजबूती मिलेगी, राष्ट्रीय सुरक्षा और ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ट्रंप ने इस निवेश के लिए भारत और उसकी निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी रिलायंस का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सौदा अमेरिकी कामगारों और दक्षिण टेक्सास के लोगों के लिए बड़ी जीत है। अमेरिका फर्स्ट नीति के तहत परमिट प्रक्रिया को आसान बनाने और करों में कमी करने से देश में बड़े निवेश संभव हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ब्राउनस्विले के बंदरगाह पर बनने वाली यह रिफाइनरी दुनिया की सबसे स्वच्छ रिफाइनरियों में से एक होगी और इससे अमेरिका की ऊर्जा क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।
उधर, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर रोक लगाने की कोशिश की है। दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल इसी मार्ग से होकर गुजरता है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के अनुसार, इस क्षेत्र में व्यापारी जहाजों पर हुए हमलों में अब तक सात नाविकों की मौत हो चुकी है।










