एलपीजी आपूर्ति को लेकर प्रशासन अलर्ट, कालाबाजारी रोकने को उड़नदस्ता टीम सक्रिय
- Post By Admin on Apr 09 2026
लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन लखीसराय सतर्क हो गया है। एलपीजी गैस एजेंसियों और वितरकों पर अनावश्यक भीड़ तथा संभावित कालाबाजारी की स्थिति को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, लखीसराय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विस्तृत जानकारी दी गई है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित थानाध्यक्ष की निगरानी में उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। यह दल लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करेगा और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करेगा।
09 अप्रैल 2026 को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, लखीसराय द्वारा एक निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन दें, साथ ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सभी एलपीजी वितरकों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडर का जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं करेंगे। यदि इस प्रकार की गतिविधि में किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय लखीसराय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत दूरभाष संख्या 06346-232952 पर दर्ज करा सकते हैं।
जिले में एलपीजी वितरण की उपलब्धता के संबंध में बताया गया है कि लखीसराय जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में लगभग 3820 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा बड़हिया नगर परिषद और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में इंडियन ऑयल द्वारा पाइप प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जा रही है। जिन परिवारों ने अभी तक पाइप प्राकृतिक गैस का संयोजन प्राप्त नहीं किया है, वे नोडल पदाधिकारी से मोबाइल संख्या 8565835550 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। आवश्यकता अनुसार ही गैस प्राप्त करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू उपभोक्ता अंतिम सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करा सकते हैं और बुकिंग दर्ज होने के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।