ज्ञान भारतम मिशन को लेकर समीक्षा बैठक, पांडुलिपियों के सर्वेक्षण व डिजिटलीकरण पर जोर
- Post By Admin on Apr 09 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में “ज्ञान भारतम मिशन” के अंतर्गत राज्य में पांडुलिपियों के सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने “ज्ञान भारतम मिशन” की रूपरेखा, उद्देश्यों तथा क्रियान्वयन की रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस मिशन का उद्देश्य भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक धरोहर एवं प्राचीन बौद्धिक विरासत का संरक्षण करना है। इसके तहत विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, पुस्तकालयों, मठ-मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा निजी संग्राहकों के पास उपलब्ध पांडुलिपियों का सर्वेक्षण कर उनकी पहचान की जाएगी और उन्हें डिजिटलीकरण के माध्यम से सुरक्षित रखा जाएगा।
बैठक में बताया गया कि लगभग 70-75 वर्ष पूर्व तैयार की गई पांडुलिपियां अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिन्हें प्राचीन काल में कागज, ताड़पत्र, कपड़ा, धातु आदि पर हस्तलिखित रूप में तैयार किया गया था। इनका ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और शैक्षणिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए इन पांडुलिपियों का सूचीकरण, वर्गीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण चरणबद्ध तरीके से किया जाना आवश्यक है, ताकि यह अमूल्य धरोहर सुरक्षित रह सके।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समेकित बाल विकास सेवा) को निर्देश दिया गया कि मिशन का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए और इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए। साथ ही जिला स्तर पर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाने को कहा गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुस्तकालयों और निजी संग्रहकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर पांडुलिपियों से संबंधित जानकारी एकत्रित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को मोबाइल अनुप्रयोग डाउनलोड करने का भी निर्देश दिया गया। बताया गया कि मिशन के अंतर्गत एक उन्नत डिजिटल भंडार विकसित किया जाएगा, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों की सहायता से पांडुलिपियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखा जाएगा। इससे शोधार्थियों और आम नागरिकों को इन पांडुलिपियों तक पहुंच आसान हो सकेगी। साथ ही दुर्लभ पांडुलिपियों के अनुवाद और प्रकाशन की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
जिला प्रशासन लखीसराय की ओर से मिशन के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य पूरा करें और इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मृणाल रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।