मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सोलर प्लांट परिसर के पास व्यवस्थाओं की समीक्षा
- Post By Admin on Feb 19 2026
लखीसराय: माननीय मुख्यमंत्री बिहार नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बुधवार को कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट परिसर के समीप चिन्हित खाली मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण से संबंधित बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सोलर पावर प्लांट के इंचार्ज एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन दल एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन को पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने, प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति का भी जायजा लिया गया तथा आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं समतलीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जेनरेटर उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले में संचालित विकास कार्यों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं प्रतिबद्धता से करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।