लखीसराय में गैस संकट की अफवाहों पर प्रशासन अलर्ट, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही

  • Post By Admin on May 14 2026
लखीसराय में गैस संकट की अफवाहों पर प्रशासन अलर्ट, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही

लखीसराय : मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आम लोगों की बढ़ती भीड़ और गैस सिलेंडर की संभावित कालाबाजारी को देखते हुए प्रशासन ने जिलेभर में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और आम उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम लगातार छापेमारी कर गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखेगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने जिले के सभी एलपीजी वितरकों को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडर की जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग न करें। यदि कोई एजेंसी या विक्रेता इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय लखीसराय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए लोग दूरभाष संख्या 06346-232952 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में 4247 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त गैस भंडार मौजूद है। वहीं बड़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा पाइप नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति जारी है। जिन परिवारों ने अब तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है, वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। प्रवासी मजदूरों के लिए भी सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जरूरतमंद प्रवासी मजदूरों को पांच किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी की ओर से वैकल्पिक दिनों में पेट्रोल पंपों को तेल की आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण कुछ पंपों पर अस्थायी कमी हो सकती है। ऐसे में लोगों से अन्य पेट्रोल पंपों का भी उपयोग करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत के अनुसार ही गैस खरीदने की अपील की है। साथ ही बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद ही की जा सकेगी और बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।