दिल्ली में निर्भया जैसी फिर से हुई दरिंदगी, प्राइवेट बस में महिला से गैंगरेप
- Post By Admin on May 14 2026
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके मंगोलपुरी में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही महिला को एक निजी स्लीपर बस में जबरन खींच लिया गया, जहां बस चालक और परिचालक ने उसके साथ गैंगरेप किया। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 11 मई की रात की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता मंगोलपुरी स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है और ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी। जब वह सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास पहुंची, तब उसने बस के दरवाजे के पास खड़े एक व्यक्ति से समय पूछा। आरोप है कि उसी दौरान आरोपी ने महिला को बस के अंदर खींच लिया और बस को नांगलोई की ओर ले गया। पीड़िता, जो विवाहित है और तीन बच्चों की मां है, ने अपने बयान में बताया कि बस चालक और परिचालक दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलने के बाद रानी बाग थाना पुलिस ने तत्काल महिला का बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज की। दिल्ली पुलिस के आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 70(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पीड़िता के बयान की पुष्टि की जा सके। इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “हमने निर्भया से कुछ नहीं सीखा। यह घटना पूरे समाज पर एक कलंक है।” वहीं Aam Aadmi Party ने भी इस घटना को निर्भया कांड जैसी शर्मनाक घटना बताया है।