इस्लामाबाद शांति वार्ता पर संकट, ईरान ने अमेरिका से बातचीत टाली
- Post By Admin on Apr 10 2026
तेहरान : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रस्तावित अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई है। रिपोर्टों के अनुसार ईरान ने साफ कर दिया है कि लेबनान में युद्धविराम लागू होने तक वह अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की वार्ता या समझौते के लिए तैयार नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका लेबनान में युद्धविराम को सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता पूरी नहीं करता, तब तक बातचीत स्थगित रहेगी। इसी कारण इस्लामाबाद में प्रस्तावित वार्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार तेहरान ने उन खबरों का भी खंडन किया है, जिनमें ईरानी प्रतिनिधिमंडल के इस्लामाबाद पहुंचने का दावा किया गया था। ईरानी पक्ष ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस स्तर पर अमेरिका के साथ बातचीत की उसकी कोई योजना नहीं है।
दूसरी ओर अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुका है। अमेरिकी दल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं। उनके साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर और सैन्य अधिकारी ब्रैड कूपर भी शामिल हैं। वहीं ईरानी मीडिया के अनुसार संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ अपने देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। विदेश मंत्री अब्बास अराघची और उप विदेश मंत्री मजीद तख्त खांची के भी वार्ता में शामिल होने की संभावना जताई गई थी।
इस बीच अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि अगले सप्ताह वाशिंगटन में इजरायल और लेबनान के बीच चल रही युद्धविराम वार्ता पर चर्चा के लिए एक बैठक आयोजित की जाएगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल द्वारा लेबनान पर किए जा रहे हमलों से युद्धविराम की स्थिति पर खतरा मंडरा रहा है।