प्रधान जिला न्यायाधीश ने किया मंडल कारा का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
- Post By Admin on Apr 10 2026
लखीसराय : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश लखीसराय अजय कुमार शर्मा ने मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जेल में बंद कैदियों को मिल रही सुविधाओं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने मंडल कारा का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखीसराय के सचिव श्री विद्यानंद सागर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड सहित अन्य वार्डों का अवलोकन किया गया। न्यायाधीश ने बंदियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बंदियों ने जेल में मिल रही सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बंदियों को जानकारी दी गई। साथ ही कैदियों के लिए उपलब्ध कैंटीन, रसोईघर और अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया तथा वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बंदियों के लिए सभी आवश्यक और विधिसम्मत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।