बिहार दिवस पर विकास और संस्कृति की झलक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
- Post By Admin on Mar 22 2026
लखीसराय : बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को नगर भवन, लखीसराय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सूर्यगढ़ा के विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला परिषद अध्यक्षा अंशु कुमारी, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार तथा 20 सूत्री उपाध्यक्ष सह भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बिहार दिवस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह समाहरणालय लखीसराय से लाली पहाड़ी तक निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। इस प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और नारे के माध्यम से बिहार दिवस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉल मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। अतिथियों और अधिकारियों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रही योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बिहार के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राज्य की गौरवशाली परंपरा और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
जिला परिषद अध्यक्षा अंशु कुमारी ने भी अपने संबोधन में जिले के विकास कार्यों और जनसहभागिता की सराहना की। वहीं विधायक रामानंद मंडल ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और उनके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए लोगों से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लखीसराय जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत पर आधारित टेबल कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। जिला पदाधिकारी ने कैलेंडर में दर्शाए गए ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने नृत्य, गीत और नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया। इसके अलावा समूह लोक गायन, रंगोली, पेंटिंग और मूर्ति कला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
बिहार दिवस 2026 का यह आयोजन उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। जिला प्रशासन ने कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।