लखीसराय : जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत उरैन पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर और मझीयामा गांव के हनुमान मंदिर में रविवार को विश्व हिंदू परिषद की ओर से रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री बंटी कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण बिहार प्रांत टोली के समरसता प्रमुख भूपेंद्र कुमार और विहिप के मुंगेर विभाग मंत्री प्रणाथ भारत उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान राम विष्णु के सातवें अवतार थे और अयोध्या के राजा दशरथ तथा माता कौशल्या के पुत्र थे। वे मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाते हैं क्योंकि उन्होंने अपने जीवन में हर रिश्ते—पुत्र, पति और राजा—के रूप में धर्म और आदर्श की मिसाल कायम की।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान राम का 14 वर्ष का वनवास, रावण का वध और रामराज की स्थापना सत्य, न्याय और आदर्श जीवन का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान राम ने समाज में समरसता का संदेश देते हुए शबरी के जूठे बेर खाए और निषादराज को अपना प्रिय मित्र बनाया। इसी तरह राम और सीता माता का दांपत्य जीवन, राम, लक्ष्मण और भरत के बीच भाईचारे का प्रेम तथा पिता की आज्ञा के पालन के लिए वनवास जाना जैसे अनेक प्रसंग आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने लोगों से भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस मौके पर विहिप के जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख ए.के. सुमन, बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख सरवन कुमार, नगर कार्यवाह कविंद्र कुमार, नगर सहसंयोजक संजीत कुमार, मन्नु महतो, विजय वर्मा, डोमन महतो, अखिलेश कुमार, संजय कुमार, सुरेश शर्मा, उमेश राज, दामोदर साहब, मोहन राम, उपेंद्र शाह, केदार साहब, विलास सिंह, बबलू पंडित, अभिषेक कुशवाहा, बृजेश कुशवाहा, पंकज महतो, बेचन राम, मनोहर कुमार, शंभू पासवान, करोड़पति साव, रविंद्र साव, वाल्मीकि मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।